सर्पदंश प्रबंधन पर मंडल रेलवे अस्पताल में सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) सत्र आयोजित
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।
*मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डीआरएच मालदा, डॉ. अनुपा घोष के नेतृत्व में मालदा मंडल द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के समन्वय से दिनांक 14 अप्रैल, 2026 को डिविजनल रेलवे अस्पताल (DRH), मालदा में सर्पदंश उपचार विषय पर सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) सत्र आयोजित किया गया।*
*लगभग ढाई घंटे तक चले इस सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं सहभागितापूर्ण ढंग से संचालित किया गया। यह सत्र डॉ. शुभेंदु बाग, सर्पदंश संसाधन विशेषज्ञ, पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा प्रस्तुत किया गया।* सत्र में सर्पदंश प्रबंधन की नवीनतम प्रक्रियाओं, एंटी-स्नेक वेनम (ASV) के समयबद्ध उपयोग, विषैले सर्पदंश की पहचान तथा जटिलताओं के प्रभावी उपचार पर विस्तृत जानकारी दी गई। केस आधारित चर्चा एवं व्यावहारिक अनुभवों ने प्रशिक्षण को और अधिक उपयोगी बनाया।
*सत्र में सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (स्वास्थ्य), मालदा जिला भी इस अवसर पर उपस्थित रहे तथा उन्होंने सर्पदंश मामलों में त्वरित एवं वैज्ञानिक उपचार पद्धति के महत्व पर बल दिया।*
कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डीआरएच मालदा द्वारा विशिष्ट वक्ता एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (स्वास्थ्य) को सम्मानित किया गया।
यह सत्र क्षमता निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की नैदानिक दक्षता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ, जिससे मालदा मंडल में सर्पदंश आपातकालीन मामलों के प्रभावी प्रबंधन को और मजबूती मिलेगी।
