सातकूआ पंचायत में संभावित बाल विवाह रोका गया

किशनगंज। जन निर्माण केन्द्र किशनगंज की टीम को जिले के दिघलबैंक थाना क्षेत्र अंतर्गत सातकूआ पंचायत में एक नाबालिग बच्ची की शादी होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित बाल विवाह को रोक दिया गया।

यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी-सह-बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी अनिकेत कुमार के निर्देशानुसार की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी बप्पी ऋषि एवं अंचल अधिकारी गरिमा गीतिका, जो सहायक बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी भी हैं, के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित थाना की पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर बाल विवाह को रुकवाया गया।

अधिकारियों ने बच्ची के परिजनों को बाल विवाह से होने वाले कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा नाबालिग बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। प्रशासन की तत्परता से एक नाबालिग बच्ची का भविष्य सुरक्षित हो सका।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जन निर्माण केन्द्र की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!