किशनगंज। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की फतेहपुर चौकी के जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी कर नेपाल ले जाई जा रही खाद्य यूरिया को जब्त किया है। इस दौरान दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई सीमा पिलर संख्या 150/03 के समीप की गई।
किशनगंज से मोहम्मद मुजाहिद की रिपोर्ट के अनुसार, एसएसबी जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर सीमा क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर ले जाई जा रही यूरिया खाद की खेप को पकड़ा गया।
जब्त सामान में भारत यूरिया की 45 किलोग्राम वाली कुल 04 बोरियां शामिल हैं, जिनका कुल वजन 180 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा मौके से 02 साइकिलें भी बरामद की गई हैं, जिनका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र महतो (28 वर्ष), पिता- लखिचंद महतो, ग्राम- टीनटोलिया गौरीगंज, थाना- गौरीगंज, जिला- झापा (नेपाल) तथा मनोज महतो (30 वर्ष), पिता- शंकर महतो, ग्राम- टीनपानी टंकी, थाना- गौरीगंज, जिला- झापा (नेपाल) के रूप में हुई है।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फतेहपुर थाना, जिला किशनगंज के हवाले कर दिया गया है।
