भागलपुर रेलवे स्टेशन पर दो मोबाइल चोर गिरफ्तार,22 मोबाइल जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹3,91,000/- है, बरामद
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर बिहार
भागलपुर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से भागलपुर रेलवे स्टेशन पर लगातार मिल रही मोबाइल चोरी की घटनाओं के मद्देनज़र रात्रि में आरपीएफ/भागलपुर,
CPDS टीम-बी,जीआरपी/भागलपुर एवं सीआईबी जमालपुर द्वारा संयुक्त रूप से विशेष निगरानी एवं सघन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर एक संदिग्ध युवक को भागने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम इरशाद उर्फ दानिश (21 वर्ष), निवासी किशनपुर, थाना बुधुचक, बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोटोरोला एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो चोरी का होने का संदेह है।
इसके पश्चात प्लेटफॉर्म संख्या 1 के समीप एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति को भी भागने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसने अपना नाम राजमणि राय (26 वर्ष), निवासी खरहरा, थाना बाराहाट, जिला बांका का मूल निवासी मालदा (पश्चिम बंगाल) बताया। उसकी तलाशी में गूगल पिक्सल, रेडमी सहित तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
संयुक्त पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करते थे। उनकी निशानदेही पर थाना बाराहाट, जिला बांका स्थित सह-अभियुक्त सेफ अली की मोबाइल दुकान पर छापेमारी की गई, जहां से विभिन्न कंपनियों के 18 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। हालांकि दुकान संचालक मौके से फरार हो गया।
