कटिहार: ₹7 हजार के लेन-देन में ई-रिक्शा चालक की हत्या: फलका पुलिस ने 72 घंटे में किया खुलासा, तीन गिरफ्तार
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार के फलका थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक प्रीतम कुमार उर्फ गोलू की हत्या का मामला पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या का कारण 7 हजार रुपये के पुराने लेन-देन का विवाद है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2, कटिहार सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि 7 अगस्त की देर रात गोपालपट्टी निवासी नीलम देवी ने अपने बेटे प्रीतम कुमार उर्फ गोलू के घर न लौटने की सूचना फलका पुलिस को दी थी। पुलिस ने तुरंत खोजबीन शुरू की। इस दौरान मांगनपट्टी जाने वाली पक्की सड़क के किनारे प्रीतम का ई-रिक्शा लावारिस हालत में मिला।
तलाशी अभियान के बाद बभनी बहियार स्थित धान के खेत से प्रीतम उर्फ गोलू का शव बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
मृतक की मां नीलम देवी के आवेदन पर फलका थाना में 7 अगस्त 2026 को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला (कांड संख्या 198/26, बीएनएस की धारा 103(1)/238) दर्ज किया गया था।
विशेष टीम ने वैज्ञानिक तरीकों से दबोचे हत्यारे
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड, एसटीएफ एसओजी-2 और जिला डीआईयू का तकनीकी सहयोग लिया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक तरीकों से जांच करते हुए तीन संदिग्धों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
सोहथा के तीन आरोपियों ने कबूली हत्या और शव छिपाने की बात
पुलिस ने दिलीप कुमार, दीपक कुमार, दोनों पिता वीरो मंडल, तथा साजन कुमार पिता छट्टु मंडल, सभी निवासी सोहथा, थाना फलका, जिला कटिहार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व के पैसे के लेन-देन के विवाद को लेकर अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर प्रीतम की हत्या करने तथा शव को छिपाने की नीयत से धान के खेत में फेंकने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है और उनकी गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी दिलीप कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ फलका थाना कांड संख्या 95/25, दिनांक 12 अगस्त 2025, बीएनएस की धारा 140(2) के तहत मामला दर्ज है।
हत्या के पीछे महज 07 हजार रुपये के लेन-देन का विवाद सामने आने से इलाके के लोग भी स्तब्ध हैं। वहीं, पुलिस द्वारा घटना के 72 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।।
