नाथनगर में छापेमारी, 700 ग्राम गांजा के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर, जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाथनगर थाना पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी कर 700 ग्राम गांजा बरामद किया है और इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को 11 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि नाथनगर थाना क्षेत्र के बड़ी हरिदासपुर गांव निवासी रामदेव मंडल के घर में अवैध मादक पदार्थ रखा गया है और वहां से इसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-2 के मार्गदर्शन में की गई। गठित टीम ने जब रामदेव मंडल के घर पर छापेमारी की, तो वहां मौजूद दो लोग पुलिस को देखते ही भागने लगे। हालांकि सशस्त्र बल की मदद से दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदेव मंडल और उसके पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो बड़ी हरिदासपुर गांव के निवासी हैं। तलाशी के दौरान घर से 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष राजीव रंजन, सहायक अवर निरीक्षक मो. हनीफ, जितेंद्र शर्मा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
