पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: पहले चरण में 91.46% मतदान, 152 सीटों पर वोटिंग संपन्न

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार शाम 6 बजे तक इस चरण में कुल 91.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इस चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। कुल 1,478 उम्मीदवारों का राजनीतिक भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। मतदान के लिए 44,376 से अधिक बूथ बनाए गए थे, जिनमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल थे।

चुनाव आयोग के अनुसार इनमें से 7,384 मतदान केंद्रों को अत्यधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया था। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

इस चरण में करीब 3 करोड़ 60 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन ने महिला मतदाताओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए 5,444 बूथों का संचालन महिला कर्मियों के माध्यम से किया, जबकि 207 मॉडल मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए।

राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। पहले चरण के बाद अब दूसरे चरण का मतदान अगले बुधवार को आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!