किशनगंज के ठाकुरगंज में महिला की हत्या से सनसनी, देवर की शादी में आई थी मृतका

किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत कुर्लीकोट थाना क्षेत्र की चुरली पंचायत के नावडूबा गांव में एक महिला की हत्या से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान गीता देवी के रूप में हुई है, जो दरभंगा जिले की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि वह 24 अप्रैल 2026 को अपने देवर की शादी में शामिल होने के लिए नावडूबा गांव आई थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही कुर्लीकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, घटना वाली रात गांव में चोरी की भी चर्चा थी। लोगों का कहना है कि संभवतः चोरों के आने के दौरान ही यह वारदात हुई हो सकती है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पूरे इलाके की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है और लोग घटना से सहमे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!