किशनगंज। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 116 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। साथ ही भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक, किशनगंज के निर्देश पर गलगलिया थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान दरभंगिया टोला निवासी पप्पू सहनी (48 वर्ष), पिता- रामचंद्र सहनी के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से 116 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 70,300 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 40 नेपाली रुपये भी जब्त किए। बरामद मादक पदार्थ और नकदी को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशा तस्करी के संभावित कनेक्शन की भी जांच शुरू कर दी गई है।
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
