कटिहार में मुस्लिम युवकों ने मंदिरों की सुरक्षा में बनाई ‘ह्यूमन चेन’: कटिहार में मुहर्रम पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार में मुहर्रम की दसवीं पर सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। शहर के विभिन्न इलाकों से निकले मुहर्रम के जुलूस के दौरान, मार्ग में पड़ने वाले मंदिरों के बाहर मुस्लिम युवक सुरक्षा में खड़े नजर आए। उन्होंने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनाई और मंदिर परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की।
स्थानीय युवकों ने बताया कि कटिहार हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। उनके अनुसार, मुहर्रम हो, दुर्गा पूजा या कोई अन्य पर्व, जिले के लोग सभी धर्मों का सम्मान करते हुए एक-दूसरे के त्योहारों में सहयोग करते हैं।
मुहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने भी व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था और प्रशासन पूरे आयोजन पर कड़ी नजर रख रहा था।
कटिहार से सामने आई यह घटना सामाजिक सद्भाव और हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश देती है। इसमें दोनों समुदायों के लोगों ने मिलकर शांति और भाईचारे की परंपरा को मजबूत करने का प्रयास किया।
