बारात निकली, लेकिन सड़क की बदहाली बनी बड़ी परेशानी
किशनगंज से मोहम्मद मुजाहिद की रिपोर्ट
बहादुरगंज (किशनगंज): बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र के धनगढ़ा पंचायत, वार्ड संख्या 14 से बारात रवाना हुई, लेकिन जर्जर सड़क के कारण बारातियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क पर वाहन धीमी गति से चलने को मजबूर रहे, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
गौरतलब है कि बहादुरगंज क्षेत्र में कई सड़क परियोजनाओं पर कार्य और नई योजनाओं की घोषणाएं हुई हैं, लेकिन विभिन्न ग्रामीण इलाकों में खराब सड़कों की शिकायतें अब भी सामने आती रहती हैं।
