अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय, भागलपुर में हर्षोल्लास से मना शिक्षक दिवस
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर बिहार
भागलपुर। शनिवार को अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय, भागलपुर में आज शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी व्याख्यागण आलोक कुमार , सीमा फुलेरा, प्रदीप कुमार, कुमार आनंद, पप्पू हरिजन (राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित) सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एम.एड., बी.एड. द्वितीय वर्ष एवं बी.एड. प्रथम वर्ष के प्रशिक्षु शिक्षकों द्वारा शिक्षकों को समर्पित भाषण, गीत, नृत्य, कविता-पाठ तथा शिक्षक-शिष्य संबंधों पर आधारित नाटक सहित अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। प्रस्तुतियों ने गुरु-शिष्य के आत्मीय संबंध एवं शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सभी शिक्षकों को शॉल एवं पुस्तकों से सम्मानित एवं अभिनंदित किया गया। समारोह ने शिक्षक के प्रति सम्मान, समर्पण और कृतज्ञता का सुंदर संदेश दिया।
