कटिहार में एक्शन में CID डीआईजी जयंत कांत: लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और स्पीडी ट्रायल में तेजी लाने के दिए कड़े निर्देश
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार, 26 सितंबर: समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय कक्ष में श्री जयंत कांत, पुलिस उप-महानिरीक्षक (अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार-सह-प्रभारी/नोडल पदाधिकारी, कटिहार) द्वारा पुलिस अधीक्षक, कटिहार की उपस्थिति में विधि-व्यवस्था एवं लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अपराध शाखा, लेखा, डी०सी०बी०, अभियोजन, त्वरित विचारण, डी०आई०यू० शाखा सहित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं डीएसपी (मुख्यालय)-सह-यातायात के कार्यों का गहन आकलन किया गया।
बैठक के मुख्य बिंदु एवं कड़े निर्देश:
15 दिनों में कार्य निष्पादन का अल्टीमेटम: सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने वाले 06 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
छिनतई पर कड़ा प्रहार: मोबाइल छिनतई की घटनाओं का गहन अवलोकन करते हुए इसमें शामिल गिरोहों व अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सराहनीय कार्य: आर्म्स एक्ट एवं अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कटिहार पुलिस द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई की सराहना की गई और इस अभियान को लगातार जारी रखने को कहा गया।
महिला सुरक्षा व सतर्कता: जिले भर में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सभी पुलिस पदाधिकारियों को वायरलेस संचार व्यवस्था 24×7 सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
गश्ती पर डिजिटल नजर: गश्त प्रभारियों की नियमित निगरानी हेतु उनके जीपीएस (GPS) रूट की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।
बिना नंबर प्लेट वाहनों पर जब्ती: सभी थानाध्यक्षों को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को तुरंत जब्त करने का आदेश दिया गया।
पर्व-त्योहारों को लेकर सतर्कता: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
