श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा समिति के सदस्यों को दिए आवश्यक निर्देश।
किशनगंज :- 13 अक्टूबर को देर रात्रि श्री नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज एवं श्री संतोष कुमार, पुलिस अधीक्षक, किशनगंज द्वारा भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किशनगंज शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश एवं निकास द्वारों की व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा के प्रबंध, विद्युत सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, वॉलंटियर्स की तैनाती एवं उनके कार्य-दायित्वों सहित सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं का जायजा लिया।
**अग्नि सुरक्षा एवं विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने पूजा समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। पंडालों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता की जांच की जाए तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक व्यवस्था रखी जाए। विद्युत सजावट, अस्थायी वायरिंग, बिजली के तारों एवं कनेक्शनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।
**प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश**
निरीक्षण के दौरान पंडालों के प्रवेश एवं निकास द्वारों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया कि प्रवेश एवं निकास के रास्ते स्पष्ट, सुगम एवं बाधारहित रखे जाएं। आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भीड़ के दबाव से उत्पन्न होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं तथा किसी भी परिस्थिति में निकास द्वारों को अवरुद्ध नहीं रखा जाए।
**महिलाओं, बच्चियों एवं बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता**
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं, बच्चियों एवं बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। पूजा पंडालों एवं आसपास के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने पर जोर दिया गया। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करने तथा किसी भी प्रकार की छेड़खानी, दुर्व्यवहार अथवा अन्य अवांछित गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
**भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश**
निरीक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पूजा पंडालों के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था रखी जाए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास का व्यवस्थित संचालन एवं लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।
**सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश**
सभी संबंधित पूजा समितियों को पंडालों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध कैमरों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने एवं किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को सूचित करने पर जोर दिया गया।
**वॉलंटियर्स को जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन करने का निर्देश**
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों के वॉलंटियर्स को अपने निर्धारित कार्य एवं दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। वॉलंटियर्स श्रद्धालुओं को प्रवेश एवं निकास के संबंध में उचित मार्गदर्शन दें, भीड़ को व्यवस्थित रखें, महिलाओं एवं बच्चों की सहायता करें तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित सहयोग प्रदान करें। उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचित करें।
**अश्लील एवं आपत्तिजनक गाने बजाने पर रोक लगाने का निर्देश**
पूजा पंडालों में बजाए जाने वाले गीत-संगीत एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। पूजा समितियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी परिस्थिति में अश्लील, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले गाने नहीं बजाए जाएं। धार्मिक आयोजन की गरिमा, सामाजिक सद्भाव एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखते हुए निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
**शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध**
जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों तथा पूजा समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था का संधारण एवं यातायात का सुचारु संचालन प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन, किशनगंज द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निगरानी एवं समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे ।
