कीचड़ में तब्दील सड़क बनी ग्रामीणों की परेशानी, स्कूली बच्चों का स्कूल जाना हुआ मुश्किल

कीचड़ में तब्दील सड़क बनी ग्रामीणों की परेशानी, स्कूली बच्चों का स्कूल जाना हुआ मुश्कि

किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत चुरली पंचायत के वार्ड संख्या-11 में बोर्डर सड़क से भैसलूटी जाने वाला संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण ग्रामीणों, राहगीरों तथा स्कूली बच्चों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जमा पानी की निकासी के लिए पहले नाला खोदा गया था, लेकिन समय पर उसकी सफाई नहीं होने से उसमें मिट्टी भर गई। इसके चलते पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने इस स्थिति के लिए संबंधित विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर नाराजगी जताई।

स्कूल जाने वाले बच्चों ने बताया कि कीचड़युक्त सड़क से गुजरते समय कई बार फिसलकर गिर जाते हैं। इससे उनकी किताबें और कॉपियां भीग जाती हैं, कपड़े गंदे हो जाते हैं और समय पर विद्यालय पहुंचना भी कठिन हो जाता है। वहीं शिक्षकों और अन्य राहगीरों को भी रोजाना इसी समस्या से जूझना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने, नाले की सफाई सुनिश्चित करने तथा जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!