ठाकुरगंज के बीडीओ अहमर अब्दाली को भावभीनी विदाई, कार्यशैली की सराहना करते हुए ग्रामीणों ने जिला स्तर पर पदस्थापना की उठाई मांग
ठाकुरगंज, किशनगंज: ठाकुरगंज प्रखंड परिसर में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्री अहमर अब्दाली के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रखंड एवं अंचल के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर उनके कार्यकाल की सराहना की और उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह के दौरान पूर्व प्रमुख मुस्ताक आलम ने कहा कि श्री अहमर अब्दाली ने अपने कार्यकाल में विभिन्न विकास योजनाओं को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया। उन्होंने एसईआर से संबंधित कार्यों, जनगणना बाइपास सिक्स लेन परियोजना, एसएसबी आवास, भूमि अधिग्रहण सहित प्रखंड की विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही बिहार सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने कहा कि श्री अब्दाली ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कार्य करते हुए आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी और जनविश्वास कायम करने में सफल रहे। उनकी कार्यशैली, सरल व्यवहार और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की क्षमता ने उन्हें लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया।
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि ठाकुरगंज की जनता उनके कार्यों और प्रशासनिक दक्षता को लंबे समय तक याद रखेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें पदोन्नति देकर जिला या अनुमंडल स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपेगी, ताकि वे अपनी प्रशासनिक क्षमता से व्यापक स्तर पर जनता की सेवा कर सकें।
विदाई समारोह में उपस्थित लोगों ने श्री अहमर अब्दाली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह का समापन उनके बेहतर भविष्य और सफल प्रशासनिक जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
