6 अक्टूबर को किशनगंज में पंचायतवार लगेगा ‘सहयोग शिविर’, डीएम महीनगांव में होंगे शामिल

ज़की हमदम किशनगंज

किशनगंज। जन शिकायतों के प्रभावी एवं त्वरित समाधान के उद्देश्य से किशनगंज जिले में पंचायतवार ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में 6 अक्टूबर 2026, मंगलवार को जिले की चयनित पंचायतों में शिविर आयोजित किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को शिविर के सफल आयोजन एवं प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। शिविर में आम लोगों से आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त कर उन्हें संबंधित विभागों के माध्यम से निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादित किया जाएगा। आवेदकों को कार्रवाई की लिखित सूचना भी उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का पंजीकरण किया जाएगा तथा शिविर संवाद समाधान पोर्टल के माध्यम से जन शिकायत निवारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों को दी जाएगी।

सहयोग शिविर के दौरान राजस्व एवं न्यायिक मामलों से संबंधित लंबित एवं निष्पादित मामलों की सूची भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि आम लोगों को अपने क्षेत्र से जुड़े मामलों की जानकारी आसानी से मिल सके।

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार किशनगंज प्रखंड की महीनगांव पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में स्वयं भाग लेंगे। इसके लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, किशनगंज को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

इन पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर

  • किशनगंज: महीनगांव, मोतीहार तालुका
  • टेढ़ागाछ: धबैली, भोरहा, हाटगांव
  • बहादुरगंज: मोहम्मद नगर, समेशर गोवा, गुआबाड़ी
  • दिघलबैंक: पत्थरघट्टी, लोहागाड़ा, सतकौआ
  • कोचाधामन: काठामाठा, पुरंदाह, भगाल
  • पोठिया: दामलबाड़ी, सारोगोड़ा, शीतलपुर
  • ठाकुरगंज: भोगडाबर, भोलमारा, खारुदह

प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित स्थलों पर बैठने, आवेदन प्राप्त करने, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। शिविर के बाद इसकी प्रगति एवं आवेदनों के निष्पादन से संबंधित रिपोर्ट जिला स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!