कटिहार DM ने महादलित बस्ती में खरना का प्रसाद खाया: जिले की सुख शांति समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद, छठ व्रतियों को साड़ी और पूजन सामग्री दी

कटिहार DM ने महादलित बस्ती में खरना का प्रसाद खाया: जिले की सुख शांति समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद, छठ व्रतियों को साड़ी और पूजन सामग्री दी

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

कटिहार में छठ महापर्व के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। डीएम आशुतोष द्विवेदी शनिवार शाम सदर प्रखंड के सिरसा स्थित महादलित बस्ती पहुंचे।
यहां उन्होंने एक व्रती के घर जमीन पर बैठकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया। उनके इस सहज व्यवहार से बस्ती के लोग भावुक हो गए।

गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया

खरना के अवसर पर डीएम ने व्रती के घर पूरी श्रद्धा के साथ गुड़ की खीर, घी लगी रोटी और केला का प्रसाद ग्रहण किया। बस्ती की महिलाओं ने कहा कि पहली बार कोई जिलाधिकारी उनके घर आकर खरना का प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। यह उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
बताया गया कि महादलित बस्ती में प्रसाद ग्रहण करने के बाद डीएम ने अपने आवास पर भी खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस बात की भी जिले में चर्चा रही।

200 से अधिक व्रतियों को साड़ी और पूजन सामग्री दी

इस अवसर पर डीएम ने बस्ती और आसपास के टोलों की 200 से अधिक महिला छठ व्रतियों को साड़ी, सूप, नारियल, गन्ना और पूजन सामग्री भेंट की।
उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। नई साड़ी और पूजन सामग्री मिलने पर महिलाओं के चेहरे पर खुशी दिखी।

घाट की व्यवस्था देख चापाकल मरम्मत का निर्देश दिया

डीएम ने बस्ती का भ्रमण कर छठ घाट पर साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ही नगर निकाय के पदाधिकारी को चापाकल की तत्काल मरम्मत कराने और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

आस्था में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता : डीएम

डीएम ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आत्मा है। यह जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को एक सूत्र में बांधता है। सूर्य देव के सामने सभी बराबर हैं। महादलित बस्ती में आकर खरना का प्रसाद ग्रहण करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व सिखाता है कि आस्था में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। बुजुर्गों का चरण-स्पर्श करना हमारी संस्कृति है। बस्ती की माताओं का आशीर्वाद लेकर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।
जिला प्रशासन का संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचे और सभी व्रती श्रद्धा के साथ छठ मना सकें।
डीएम ने व्रतियों से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की अपील भी की। इस दौरान सदर एसडीएम, विशेष कार्य पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, भाजपा नेता टन टन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में बस्ती के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!