डेस्क बिहार भागलपुर
17-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
15 किलोमीटर का सफर बढ़ाएगा जर्जर कालीप्रसाद पुल! ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरकर की नए पुल की मांग
भागलपुर पीरपैंती के कालीप्रसाद पुल की जर्जर स्थिति को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश देखने को मिला। पुल की बदहाल स्थिति से परेशान दर्जनों ग्रामीणों ने पुल पर जोरदार नारेबाजी करते हुए जल्द नए पुल का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि आखिर कब तक जान जोखिम में डालकर इस पुल से आवागमन करना पड़ेगा
बताया जा रहा है कि कालीप्रसाद पुल पिछले कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है। पुल के हिस्से लगातार टूटकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। बाढ़ के दौरान भी पुल धंस गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो इसकी समुचित मरम्मत कराई गई है और न ही नए पुल के निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल दिखाई दे रही है।यह पुल आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। ग्रामीणों के लिए यह पुल मुख्य सड़क से जुड़ने का महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में पुल की बदहाल स्थिति के कारण हर दिन लोगों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह पुल पूरी तरह टूट जाता है तो आसपास के गांवों के लोगों को करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर दूसरे रास्ते से जाना पड़ेगा। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीण सुमित कुमार, वार्ड सदस्य मोहम्मद काबिल सहित दर्जनों लोगों ने पुल पर प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी की। ग्रामीणों ने केवल पुल ही नहीं, बल्कि आसपास की जर्जर सड़क की भी मरम्मत कराने की मांग उठाई
