किशनगंज: हीरो एशिया कप 2025 ट्रॉफी गौरव यात्रा के तहत रविवार को किशनगंज में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी श्री विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक श्री सागर कुमार की उपस्थिति में ट्रॉफी का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत नृत्य से हुई। इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं का उत्साह देखने लायक था।
ट्रॉफी गौरव यात्रा ने किशनगंज के खिलाड़ियों और युवाओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार किया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन शैली की ओर युवाओं को प्रेरित करने वाला साबित होगा।
इस अवसर पर जिले के वरीय पदाधिकारी, शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
