संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
गोराडीह प्रखंड के मुरहन जमीन पंचायत अंतर्गत मुरहन गांव में सुखा नशा (ड्रग्स) मुक्ति को लेकर चलाए जा रहे अभियान को नया आयाम मिला। गांववासियों की पहल से अब नशेड़ियों के आवागमन में कमी देखी जा रही है, वहीं कई ड्रग्स माफिया गांव छोड़कर अन्यत्र छुप गए हैं। प्रशासन ने भी गश्त बढ़ाकर इस मुहिम को मजबूती दी है।
इसी क्रम में गोराडीह थाना के मुरहन पंचायत सेक्टर प्रभारी रंजीत कुमार की देखरेख में मध्य विद्यालय मुरहन के प्रांगण में एक विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बैठक में उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि ड्रग्स न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला करता है, बल्कि परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित कर देता है। महिलाओं ने संकल्प लिया कि मुरहन गांव से ड्रग्स को जड़ से खत्म कर ही वे रुकेंगी। लोगों ने इसे कोरोना महामारी से भी खतरनाक बताते हुए कहा कि ड्रग्स महामारी ने कई घर तबाह कर दिए हैं।
कार्यक्रम में जिला परिषद प्रतिनिधि डब्लू सिंह, पंचायत के मुखिया विजय कुशवाहा, सरपंच प्रभास कुमार, पूर्व उप प्रमुख प्रतिनिधि पंकज कुमार, एडवोकेट विनय कुमार सहित कई क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, वार्ड सदस्य और समाज के लोग उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में सुखा नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
