प्रेस विज्ञप्ति
किशनगंज
(सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय)
—
डीएम के निर्देश पर एसडीओ किशनगंज एवं कार्यपालक अभियंता आरडब्ल्यूडी द्वारा महेशबथाना–लौचा आरडब्ल्यूडी सड़क का निरीक्षण
किशनगंज, दिनांक 08 सितंबर 2026।
जिलाधिकारी, किशनगंज श्री नवीन कुमार के निर्देश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी, किशनगंज एवं कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग (RWD), किशनगंज-1 द्वारा महेशबथाना–लौचा आरडब्ल्यूडी सड़क का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क की वर्तमान स्थिति, कटाव एवं आवागमन पर उत्पन्न हो रही कठिनाइयों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि कनकई नदी के धारा परिवर्तन एवं मेन्डरिंग (Meandering) के प्रभाव के कारण उक्त सड़क का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। नदी की बदलती धारा एवं कटाव के कारण सड़क की संरचना प्रभावित हुई है, जिससे स्थानीय लोगों के आवागमन में कठिनाई उत्पन्न हो रही है।
स्थल निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि पूर्व के वर्षों में कनकई नदी के कटाव एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बाढ़ संघर्ष (Flood Fighting) कार्य FCD द्वारा कराया गया था। वर्तमान स्थिति को देखते हुए संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र का विस्तृत आकलन करते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों एवं आम लोगों को नदी कटाव से सुरक्षित रखा जा सके।
जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा सड़क की स्थिति का विस्तृत तकनीकी आकलन किया जाएगा। साथ ही, तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क को यथासंभव मोटरेबल एवं आवागमन योग्य बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि स्थानीय नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानी को कम किया जा सके।
प्रशासन द्वारा कनकई नदी के बदलते प्रवाह, कटाव की स्थिति एवं सड़क तथा आबादी पर पड़ रहे प्रभाव की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों के समन्वय से सुरक्षात्मक एवं पुनर्स्थापनात्मक कार्य कराए जाएंगे।
