कहने को तो जनप्रतिनिधि, फिर क्यों नहीं जनता की सुधि?

रिपोर्ट – अमित कुमार, भागलपुर

भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 स्थित आनंद बाघ मोहल्ला आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। न तो सड़क निर्माण हुआ और न ही नाले का कार्य शुरू हो पाया। बारिश होते ही इलाके में जलजमाव और कीचड़ की समस्या विकराल रूप ले लेती है।

मौके पर पत्रकार द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए स्थानीय निवासी आनंद रॉय (49 वर्ष) ने कहा कि “पहले यहां पोखर हुआ करता था, लेकिन अब जगह-जगह मकान खड़े हो गए हैं। इस समाज के लगभग 70% लोग शिक्षित हैं और कई लोग प्रदेश से बाहर बड़े पदों पर कार्यरत हैं। इसके बावजूद यहां की स्थिति जस की तस बनी हुई है। कई बार मौखिक और लिखित आवेदन वार्ड पार्षद एवं स्थानीय विधायक को दिया गया, लेकिन नेताओं का यही कहना है कि यहां के लोग उन्हें वोट नहीं देते, इसलिए काम नहीं होता।”

लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश होते ही पूरा इलाका पानी और कीचड़ से भर जाता है। हालात ऐसे हैं कि जब किसी लड़की की शादी होती है तो बारात की गाड़ियां मुख्य मार्ग पर ही रुक जाती हैं और दूल्हे को पैदल चलकर घर तक जाना पड़ता है।

स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया कि हाल ही में पानी भरने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान एक युवक की मौत तक हो गई। उन्होंने इसे समाज के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया।

नाराज़ लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर बुनियादी सुविधाओं का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो इस बार समाज के लोग मतदान का बहिष्कार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!