दल्लेगांव पंचायत में 2 जून को लगेगा सहयोग शिविर, जनसमस्याओं के समाधान को लेकर तैयारियां तेज

दल्लेगांव पंचायत में 2 जून को लगेगा सहयोग शिविर, जनसमस्याओं के समाधान को लेकर तैयारियां तेज

ठाकुरगंज (किशनगंज)। ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र की दल्लेगांव पंचायत में आगामी 2 जून को पंचायत भवन परिसर में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में एआईएमआईएम नेता सह मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष प्रतिनिधि गुलाम हसनैन की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सहयोग शिविर के उद्देश्य, महत्व एवं उसकी उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पंचायत क्षेत्र के लोगों को शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए गुलाम हसनैन ने कहा कि सरकार द्वारा आयोजित सहयोग शिविर आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के लोग अपनी विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन लेकर शिविर में पहुंचें, ताकि संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर अधिक से अधिक संख्या में लोग शिविर में भाग लें। इससे लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी।

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सहयोग शिविर को सफल बनाने का संकल्प लिया। साथ ही पंचायत के प्रत्येक वार्ड तक शिविर की जानकारी पहुंचाने और लोगों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया गया।

मौके पर उपस्थित लोगों ने पंचायतवासियों से 2 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी समस्याओं के समाधान का लाभ उठाने की अपील की। ग्रामीणों का मानना है कि इस प्रकार के शिविर जनसरोकार से जुड़े मुद्दों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और प्रशासन तथा आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक साबित होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!