डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840
बिहार विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कोषांग समीक्षा बैठक आयोजित, समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश
दिनांक: 12 अक्टूबर 2026
बिहार विधान परिषद निर्वाचन के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में आज कोषांग समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यों से संबंधित विभिन्न कोषांगों की तैयारियों, आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में कार्मिक कोषांग की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि द्वितीय नियुक्ति पत्र तैयार कर लिया गया है। निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त कार्मिकों का प्रशिक्षण 13 एवं 14 अक्टूबर को निर्धारित है। वहीं, माइक्रो प्रेक्षकों का प्रशिक्षण 16 अक्टूबर को पूर्णिया में आयोजित किया जाएगा।
मतदान सामग्री एवं फोल्ड मतपेटिकाओं को निर्धारित स्थान पर भेजने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित सामग्री एवं मतपेटिकाओं के प्रेषण हेतु आवश्यक प्रारूप तैयार कर लिए जाने की जानकारी दी गई। पूर्णिया के लिए मतपेटिकाओं को भेजने के उद्देश्य से बसों का रूट चार्ट तैयार करने हेतु सहायक जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण एवं निर्वाचन से संबंधित निगरानी कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था से संबंधित रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने तथा उड़नदस्ता दल (एफएसटी) को अपने कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही, अवैध एवं संदिग्ध वस्तुओं के परिवहन तथा अन्य अनियमित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिहार विधान परिषद निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने सभी संबंधित कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर।
