कटिहार में 15,000 से अधिक युवाओं ने ली शपथ: नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत नशा मुक्ति का संकल्प
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार में 2 अगस्त 2026, रविवार को ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत एक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले भर में 15,000 से अधिक युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ ली।
यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में MY Bharat, कटिहार द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी में आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री और कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, वरीय उप समाहर्ता नैमिष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चौधरी और MY Bharat, कटिहार के जिला युवा अधिकारी नीरज झा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने युवाओं से इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं और युवाओं को अपने परिवार, मित्रों तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाना चाहिए।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कटिहार को नशामुक्त जिला बनाने के लिए प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं के सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जनभागीदारी से ही इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है और कटिहार को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 500 से अधिक युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ ली। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को भी सुना।
जिले के सभी प्रखंडों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 15,000 से अधिक युवाओं ने इस अभियान में भाग लिया। इन सभी ने नशा मुक्ति की शपथ ली और नशामुक्त तथा विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण के साथ-साथ कटिहार को नशामुक्त जिला बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
