कटिहार में 3 लाख की लूट का ड्रामा फेल: स्टाफ ने ही रची थी हड़पने की साजिश, पुलिस ने 4 घंटे में धर दबाेचा

कटिहार में 3 लाख की लूट का ड्रामा फेल: स्टाफ ने ही रची थी हड़पने की साजिश, पुलिस ने 4 घंटे में धर दबाेचा

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

कटिहार पुलिस ने 3 लाख रुपये हड़पने के लिए रची गई लूट की झूठी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पूरी नगद राशि बरामद कर ली।

डीएसपी आसिफ आलम ने बताया कि सालमारी निवासी आयुष अग्रवाल (26) ने पुलिस को सूचना दी थी। उनके ट्रैक्टर शोरूम से 7 अगस्त को एक ट्रैक्टर बेचा गया था, जिसकी 3 लाख रुपये की बकाया राशि मनिहारी के ग्राहक से लेनी थी।

8 अगस्त को आयुष ने अपने स्टाफ गणेश राय और समद आलम को यह राशि लाने के लिए मनिहारी भेजा था।

स्टाफ गणेश राय और समद आलम जब राशि लेकर लौट रहे थे, तो उन्होंने शोरूम मालिक को सूचना दी कि चांदपुर बांध के पास दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनसे 3 लाख रुपये लूट लिए हैं।

लूट की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना में 8 अगस्त को कांड संख्या 455/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। थाना प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्टाफ से पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान स्टाफ गणेश राय (45) के बयानों में विरोधाभास पाया गया। गहन पूछताछ करने पर गणेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने सहयोगी संजीत कुमार पासवान (27) के साथ मिलकर पैसे हड़पने की साजिश रची थी। लूट की झूठी कहानी इसी मकसद से गढ़ी गई थी।

गणेश की निशानदेही पर पुलिस ने संजीत के घर ढोलमारा, थाना सालमारी से लूटी गई पूरी 3 लाख रुपये की नगद राशि बरामद कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपी गणेश राय (45, पिता बाजरू राय, निवासी ढोलमारा, सालमारी) और संजीत कुमार पासवान (27, पिता स्व. रामचंद्र पासवान, निवासी ढोलमारा, सालमारी) को गिरफ्तार कर लिया है।

बरामदगी सूची में ₹3,00,000 नगद शामिल है। दोनों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना

इस मामले में कटिहार पुलिस की त्वरित और प्रोफेशनल जांच की हर तरफ सराहना हो रही है। महज 4 घंटे में झूठी कहानी का पर्दाफाश कर पूरी राशि बरामद करना पुलिस की मुस्तैदी को दर्शाता है।

पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अफवाहों और झूठी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!