आधार सीडिंग में तेजी लाने का निर्देश, शत-प्रतिशत लाभुकों का eKYC सुनिश्चित करने को कहा

किशनगंज। जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में राशन वितरण, आधार सीडिंग, eKYC तथा खाद्यान्न आपूर्ति की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 84.29 प्रतिशत लाभुकों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष सभी लाभुकों का यथाशीघ्र आधार सीडिंग/eKYC कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा में जिन राशन कार्डधारियों के सदस्यों की आधार सीडिंग अथवा eKYC नहीं कराई जाएगी, उनके नाम राशन कार्ड से विलोपित करने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे सदस्यों को खाद्यान्न का लाभ भी नहीं दिया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि अगस्त 2026 में खाद्यान्न वितरण की प्रगति 59.31 प्रतिशत है। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले का प्रदर्शन बेहतर रहे और जिला खाद्यान्न वितरण में अव्वल रहे।

वहीं, सितंबर 2026 के खाद्यान्न की राज्य खाद्य निगम के गोदाम से जन वितरण प्रणाली (PDS) के गोदाम तक आपूर्ति 09.76 प्रतिशत हुई है। जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, किशनगंज को शत-प्रतिशत खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन से संबंधित ऑफलाइन प्राप्त आवेदनों की यथाशीघ्र ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, अनुमंडल पदाधिकारी, किशनगंज को जन वितरण प्रणाली दुकानों की नई अनुज्ञप्ति निर्गत करने से संबंधित सभी प्रक्रियाएं एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, किशनगंज, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा सभी सहायक गोदाम प्रबंधक सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

S

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!