अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, शाहकुंड का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, भारत स्काउट एवं गाइड के पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापनl

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/9798944840

अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, शाहकुंड का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, भारत स्काउट एवं गाइड के पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन*l

भागलपुर, दिनांक 13 अक्टूबर 2026।

जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर श्री एजाज आलम एवं अनुमंडल पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी (मुख्यालय) सुश्री रेखा कुमारी द्वारा आज अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, शाहकुंड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालय में भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में भी भाग लिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के पाँचवें दिन आयोजित समापन समारोह का शुभारंभ जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी द्वारा झंडोत्तोलन तथा छात्राओं द्वारा बिहार गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।

पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सेवा के महत्व से अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। छात्राओं को विषम परिस्थितियों में धैर्य एवं साहस बनाए रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

समापन समारोह के अवसर पर प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली छात्राओं के बीच स्कार्फ एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। छात्राओं को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का दैनिक जीवन में उपयोग करने तथा अनुशासित, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने विद्यालय की छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। छात्राओं द्वारा उठाई गई समस्याओं के निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। साथ ही, विद्यालय के शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त, अधिकारियों द्वारा विद्यालय परिसर में जीविका के माध्यम से संचालित भोजनालय का भी निरीक्षण किया गया तथा विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जिला जन-सम्पर्क कार्यालय, भागलपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!