डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840
बिहार विधान परिषद कोशी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन–2026 के सफल संचालन को लेकर पीठासीन पदाधिकारियों एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित
भागलपुर, दिनांक 13 अक्टूबर 2026। बिहार विधान परिषद कोशी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से पीठासीन पदाधिकारियों (P.O.) एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों (P-1) का द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम समीक्षा भवन, भागलपुर में प्रथम एवं द्वितीय पाली में उप निर्वाचन पदाधिकारी की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में तथा अनुमंडलीय सभागार, नवगछिया में भूमि सुधार उपसमाहर्ता, नवगछिया की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा संबंधित मतदान पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मतपत्र अंकित करने के नियम, मतदान केंद्र का प्रबंधन एवं व्यवस्था, मतदान दल के कार्य एवं दायित्व, मतदान सामग्री के उपयोग, मतपत्र लेखा एवं पेपर सील लेखा तैयार करने, सीलिंग प्रक्रिया, कानूनी चेतावनियों तथा निर्वाचन से संबंधित विशेष नियमों की जानकारी दी गई।
मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा आगामी 23 अक्टूबर 2026 को निर्धारित मतदान दिवस के लिए निर्धारित समय-सारणी एवं प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया। इस क्रम में मतदान का समय प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक निर्धारित होने, मतदान पदाधिकारियों के कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों, मतदान दल एवं मतदान अभिकर्ताओं की भूमिका, अभिकर्ताओं द्वारा मतदान केंद्र की निगरानी, सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश तथा मतपत्र पर वरीयता क्रमांक अंकित करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से बताया गया।
इसके अतिरिक्त, मतपेटिका को मतदान के लिए तैयार करने, सीलिंग की प्रक्रिया तथा मतदान से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों एवं लेखाओं को सही तरीके से संधारित करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संबंधित प्रक्रियाओं पर हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस भी कराई गई, ताकि मतदान पदाधिकारी मतदान दिवस पर अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर प्रशिक्षक श्री ओज कुमार सिंह, श्री प्रवीण कुमार, श्री आशुतोष चन्द्र मिश्र, श्री अमर नाथ झा, श्री चन्दन कुमार, श्री हसनैन, श्रीमती विनिता मिश्रा, श्री हिमांशु शेखर ठाकुर एवं श्रीमती आरफा नाहिद द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय
भागलपुर
