पेट्रोल पंप खोलने का झांसा देकर 32 महिलाओं से लाखों की ठगी ।
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।
भागलपुर स्मार्ट सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत मकससपुर हरिजन टोला की करीब 32 महिलाएं ठगी का शिकार हो गई हैं। इस मामले में न्याय की गुहार लगाने के लिए लगभग एक दर्जन पीड़ित महिलाएं बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई और पैसे वापस दिलाने की मांग की। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे अधिक पढ़ी-लिखी नहीं हैं, जिसका फायदा उठाकर स्थानीय महिला मीना देवी ने उन्हें झांसे में ले लिया। मीना देवी ने महिलाओं से कहा कि वे बैंक से लोन लेकर उसे दें, जिससे पेट्रोल पंप खोला जाएगा और उसी में सभी महिलाओं को रोजगार मिलेगा। इससे उनकी आय में सुधार होगा और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। रोजगार के लालच में आकर महिलाओं ने अलग-अलग बैंकों से कर्ज लिया। किसी ने दो लाख, किसी ने डेढ़ लाख तो किसी ने चार लाख रुपये तक का लोन लिया और बिना किसी लिखित समझौते के पूरा पैसा मीना देवी को दे दिया। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो पेट्रोल पंप खुला और न ही किसी महिला या उनके परिवार के सदस्य को रोजगार मिला। जब महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ, तो वे थाने और कोर्ट के चक्कर लगाने लगीं। अंततः उन्होंने सामूहिक रूप से पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग करने का निर्णय लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने महिलाओं को आश्वासन दिया है कि पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
