नाथनगर में विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आई महिला, मौके पर मौत, ढाई घंटे बाद पहुंची रेल थाना पुलिस
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर के नाथनगर रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे फाटक पार करने के दौरान एक महिला डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर से महिला पटरी से दूर रेलवे फाटक के पास जाकर गिरी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना करीब सुबह 8 बजकर 16 मिनट की बताई जा रही है हादसे के बाद महिला का शव कई घंटों तक घटनास्थल पर पड़ा रहा बारिश के बीच शव भीगता रहा। स्थानीय लोगों ने रेल थाना पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने में देरी को लेकर नाराजगी जताई।बताया जा रहा है कि घटना के करीब ढाई घंटे बाद रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में लिया। वहीं नाथनगर स्टेशन पर तैनात आरपीएफ की ओर से घटना के तुरंत बाद भागलपुर आरपीएफ को सूचना दिए जाने की बात सामने आई है।
महिला के पास मिले थैले से आधार कार्ड बरामद हुआ है जिस पर नाम बदमिया देवी पति मीना यादव, ग्राम नवादा, पोस्ट इशीपुर, थाना इशीपुर, जिला भागलपुर दर्ज है। पुलिस शव की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
