ललित कैपिटल कैरियर इंस्टीट्यूट में मेधावियों का सम्मान, 10वीं-12वीं के टॉपर्स को मिला प्रोत्साहन
मुरारी झा/ दरभंगा
घनश्यामपुर प्रखंड क्षेत्र के पोहदी बेला स्थित ललित कैपिटल कैरियर इंस्टीट्यूट में मंगलवार को मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संस्थान के प्रतीक चिन्ह, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से दसवीं कक्षा में 430 अंक प्राप्त करने वाली अनु कुमारी को साइकिल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा पूजा कुमारी (424), प्रभास कुमार (409), सरिता कुमारी (405), सुभाष कुमार यादव (364), अनिता कुमारी (325) और मिंटू कुमार (300) को भी उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों और शिक्षकों ने खुशी जताई।
समारोह का मुख्य उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक ललित कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन है। उन्होंने छात्रों को निरंतर प्रयास करते रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
सम्मानित छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों और संस्थान के शिक्षक ललित कुमार को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चय उनकी सफलता की कुंजी रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सभी ने मेधावी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्थान प्रबंधन ने कहा कि आगे भी इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
