मुरारी झा /दरभंगा
अलीनगर: अलीनगर प्रखंड क्षेत्र स्थित उर्दू उच्च विद्यालय परिसर में शनिवार को “छात्र युवा शक्ति (अलीनगर)” के बैनर तले भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था। समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 80 प्रतिशत (400+) से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 51 विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित कुमार मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विशिष्ट अतिथि सब इंस्पेक्टर एस.बी. महतो ने विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मैट्रिक परीक्षा में ज्योति कुमारी (465 अंक), आमिर इरफान (451), मानित कुमार (446), मो. मुजम्मिल (428), राजा बाबू (414), सोनी कुमारी (407), मो. समीर (401) और संगम पासवान (400) सहित कई छात्रों को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट में अदीबा खातून (437), मुनीरा शदफ (428), नुसरत प्रवीण (415), महविश फरीदी (406) और मो. अदनान (400) समेत कुल 51 मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन छात्र नेता आसिफ आदिल द्वारा किया गया, जबकि संचालन पंकज कुमार ने किया। इस अवसर पर उर्दू उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक देव आशीष कुमार, मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मंसूर आलम सहित अल्ताफ हैदर, मनीष कुमार, अब्दुस सलाम, मो. एहतेशाम, मो. निजामुद्दीन, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार और अल्लामा इकबाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए छात्र नेता आसिफ आदिल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
