संवाददाता मोहम्मद मुजाहिर
किशनगंज: जिले के कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर गांव में 8 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस टीम का गठन मामले की गहन और त्वरित जांच के उद्देश्य से किया गया है।
एसआईटी की निगरानी पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार करेंगे, जबकि जांच का नेतृत्व एसडीपीओ-2 को सौंपा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जा सके।
गौरतलब है कि 2 मई को बच्ची का शव गांव के पास एक मकई के खेत से बरामद किया गया था, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी संतोष कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाएगी दोषियों को जल्द सजा दिलाई जाएगी। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और वे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
