अब पंचायत स्तर पर ही सुनी जाएगी समस्याएं

अब पंचायत स्तर पर ही सुनी जाएगी समस्याएं

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार प्रतिनिधि जिले में आम लोगों की शिकायतों को लेकर अब प्रशासन ने जमीनी स्तर पर बड़ी पहल की है। लोगों को दफ्तरों के चक्कर से राहत देने के लिए अब हर पंचायत में नियमित रूप से सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह शिविर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत सरकार भवन या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे, जहां अधिकारी सीधे जनता से संवाद करेंगे। इस पहल का उद्देश्य साफ है-जन शिकायतों का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाना। शिविर में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही निपटारा करने का प्रयास किया जाएगा। इससे लोगों को लंबी प्रक्रिया और बार-बार कार्यालय जाने की परेशानी से राहत मिलेगी。

शिविर के आयोजन से पहले ही आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू

प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, शिविर के आयोजन से पहले ही आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। शिविर से पहले प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। साथ ही सभी विभागों को अपने लंबित और निष्पादित मामलों की सूची तैयार रखने को कहा गया है, ताकि शिविर में पारदर्शिता बनी रहे और लोगों को अपने आवेदन की स्थिति स्पष्ट रूप से पता चल सके।

शिविरों के माध्यम से शिकायतों का समाधान व विभिन्न सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी

अपर समाहर्ता डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से न केवल शिकायतों का समाधान होगा, बल्कि आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी भी दी जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाएंगे। प्रशासन का मानना है कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शासन-प्रशासन की पहुंच को और मजबूत करेगी। साथ ही लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुंच सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!