समाहरणालय, किशनगंज
(सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति 402, दिनांक 27.05.2026*
ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की हुई ब्रीफिंग
किशनगंज, 27 मई।
ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने कहा कि बकरीद पर्व तीन दिनों तक मनाया जाता है, इसलिए सभी पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किशनगंज नगर क्षेत्र मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र है, जहां विभिन्न समुदाय आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। ऐसे में विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा छोटी घटना से तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी सुबह 04 बजे से अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुबह का समय अत्यंत संवेदनशील होता है, इसलिए विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि नए मुख्यमंत्री के पदभार ग्रहण करने के बाद यह पहला बड़ा पर्व है, अतः किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पर्व से संबंधित गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया तथा जिले के शहरी क्षेत्र में आवश्यकता अनुसार ड्रोन कैमरे की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा पूर्ण सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है तथा असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों एवं संबंधित सुपरवाइजरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज जिला हमेशा से आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं पुलिस बल समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें तथा सुबह 04 बजे से पूरी तरह सक्रिय रहें। उन्होंने बताया कि ड्यूटी की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो बाइक एवं वाहन से लगातार निरीक्षण करेगी।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा घटना की सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जाए। उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06456-225152, पुलिस नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06456-222238 तथा मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर 9031816147 की जानकारी सभी पदाधिकारियों को दी।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट, फोटो एवं वीडियो साझा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, साइबर सेल एवं संबंधित थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि गलत एवं भड़काऊ वीडियो अथवा संदेश प्रसारित करने वाले समूहों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों एवं मंदिरों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा गश्ती दल संवेदनशील क्षेत्रों में वाहन से उतरकर निरीक्षण करें। उन्होंने सभी मुखिया, वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधि, विकास मित्र एवं स्थानीय लोगों को प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी आम व्यक्ति द्वारा स्वयं चेकिंग नहीं की जाएगी, चेकिंग केवल पुलिस प्रशासन द्वारा ही की जाएगी। थाना क्षेत्रों में संबंधित थानाध्यक्ष स्वयं इसकी निगरानी करेंगे। मोटरसाइकिल एवं वाहनों के अनावश्यक झुंड, बिना हेलमेट वाहन संचालन एवं अव्यवस्थित गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी गाड़ियों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने, वायरलेस सिस्टम को सक्रिय रखने, नगर निकाय कर्मियों को भी अलर्ट मोड में रखने तथा पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने हेतु सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी दंडाधिकारियों को पहचान पत्र (आई कार्ड) के साथ अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी -सह- जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनिकेत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वीसी से अन्य पदाधिकारी कर्मी जुड़े हुए थे।
