गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने का समर्थन: सांसद बोले-हिंदू समाज की भावनाएं जुड़ी, इससे तनाव घटेगा

 

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग का समर्थन किया है। कटिहार में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस कदम से देश में सामाजिक तनाव कम होगा और सुरक्षा बढ़ेगी।
अनवर ने कहा कि देश में करोड़ों लोगों की आस्था गाय से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि कई संगठन और मुस्लिम समुदाय से जुड़े मौलाना भी इस मांग का समर्थन कर चुके हैं। उनका मानना है कि हिंदू समाज की गाय के प्रति गहरी भावनाएं हैं।

गाय की रक्षा की समुचित व्यवस्था हो

सांसद ने जोर दिया कि भविष्य में इस मुद्दे को लेकर किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न न हो, इसके लिए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कर उसकी सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए।
इसी दौरान, तारिक अनवर ने कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले की घटना की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी घटनाओं का कोई स्थान नहीं है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सभी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए और हिंसा किसी समस्या का हल नहीं है।

केंद्रीय नेतृत्व और कार्यकर्ता एकजुट

बिहार प्रदेश कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के सवाल पर तारिक अनवर ने स्वीकार किया कि संगठन में कुछ परेशानियां हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व और कार्यकर्ता एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर संगठन को मजबूत करने में लगे हैं और जल्द ही सभी मुद्दे सुलझा लिए जाएंगे।
गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग समय-समय पर उठती रही है। तारिक अनवर के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में इस मुद्दे पर नई चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!