कटिहार के नशा मुक्ति केंद्र में घुसकर फायरिंग: घटना CCTV में रिकॉर्ड, आरोपी हिरासत में लिया गया
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार के एक नशा मुक्ति केंद्र में सोमवार को फायरिंग की घटना सामने आई है। एक युवक अपने साथी के साथ केंद्र में घुसकर संचालक से कहासुनी के बाद जमीन पर गोली चला दी।
यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि गेरुआ रंग की गंजी पहने एक युवक पिस्टल के साथ केंद्र में प्रवेश करता है।
वह संचालक और कर्मचारियों से बहस करता है, जिसके बाद जमीन पर फायरिंग कर देता है। उसका साथी भी पिस्टल लहराते हुए दिखाई देता है। इस घटना से केंद्र में भर्ती मरीजों और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।
नशे की लत छुड़ाने के लिए केंद्र में भर्ती कराया था
नशा मुक्ति केंद्र के संचालक महेश दास ने बताया कि कटिहार निवासी बॉबी यादव को उसके पिता ने करीब चार महीने पहले नशे की लत छुड़ाने के लिए केंद्र में भर्ती कराया था। लगभग 14 दिन पहले शादी के कारण परिजन उसे घर ले गए थे। हालांकि, शादी के दिन ही उसने दोबारा नशा करना शुरू कर दिया।
बाद में बॉबी के पिता उसे फिर केंद्र लेकर आए और बाहर ले जाने के लिए दवा की मांग की। नियमों के अनुसार, दवा बाहर नहीं दी जा सकती थी, इसलिए उन्हें वापस भेज दिया गया।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
संचालक का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बॉबी यादव अपने साथी के साथ हथियार लेकर केंद्र पहुंचा। उसने मरीजों और कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने फायरिंग कर दी। एक कर्मचारी ने बताया कि गोली उनके पैरों के पास चलाई गई थी।
घटना के कुछ देर बाद आरोपी बॉबी यादव दोबारा केंद्र पहुंचा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। संचालक ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
