भागलपुर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है।
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।
भागलपुर के तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित एक बिल्डिंग में बिल्डर बजरंगी कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव उनके कार्यालय के अंदर बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं कि जब थाना के सामने ही हत्या हो सकती है, तो आम लोग कितने सुरक्षित हैं। परिजनों के अनुसार, बजरंगी कुमार मंगलवार रात घर नहीं लौटे थे। रोज की तरह उन्हें सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने जाना था, लेकिन जब वे नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब कार्यालय पहुंची तो बाहर से ताला बंद मिला। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। मौके पर पहुंचे वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। घटनास्थल की जांच एफएसएल टीम कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि कुछ संदिग्ध कैमरे में दिखाई दिए हैं और उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। परिजनों का कहना है कि बजरंगी कुमार लंबे समय से बिल्डर का काम कर रहे थे। वे कभी-कभी फोन पर किसी से तीखी बहस करते भी दिखाई देते थे, लेकिन उनकी हत्या किसने और किस वजह से की, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि थाना के ठीक सामने हुई इस सनसनीखेज हत्या ने भागलपुर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है और अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा पाती है।
