एसएसबी 8वीं बटालियन ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सोलर स्ट्रीट लाइट व जल टंकियों का किया वितरण

एसएसबी 8वीं बटालियन ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सोलर स्ट्रीट लाइट व जल टंकियों का किया वितरण

 

गलगलिया: सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 8वीं बटालियन ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट एवं जल भंडारण पानी की टंकियों का वितरण किया। यह कार्यक्रम 8वीं बटालियन के कमांडेंट पी. वी. सामी खपरैल के मार्गदर्शन में सी समवाय, पशुपति फाटक द्वारा सीमा चौकी कार्यक्षेत्र स्थित सिमाना कम्युनिटी हॉल में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उप कमांडेंट मुकेश कुमार, सहायक कमांडेंट एवं कंपनी प्रभारी प्रणीत कुटियाल सहित एसएसबी के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के उपयोग के लिए चार सोलर स्ट्रीट लाइट और दो जल भंडारण पानी की टंकियों का वितरण किया गया।

अपने संबोधन में उप कमांडेंट मुकेश कुमार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को सुरक्षित पेयजल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना सशस्त्र सीमा बल की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से सीमावर्ती नागरिकों और एसएसबी के बीच विश्वास, सहयोग तथा सौहार्दपूर्ण संबंध और मजबूत हो रहे हैं।

एसएसबी की 8वीं बटालियन समय-समय पर सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न नागरिक कल्याण एवं कौशल विकास कार्यक्रम संचालित करती है। इन कार्यक्रमों के तहत कंप्यूटर प्रशिक्षण, बाइक रिपेयरिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, हस्तशिल्प निर्माण, इलेक्ट्रिशियन, ब्यूटीशियन, प्लंबिंग, टेलरिंग तथा बेकरी जैसे रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण भी प्रदान किए जाते हैं।

कार्यक्रम में एसएसबी के 20 कार्मिक, पांच शिक्षक तथा 50 छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। एसएसबी ने भविष्य में भी सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, जनकल्याण तथा नागरिक-सुरक्षा बल संबंधों को मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!