जगदीशपुर में 99 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार, बाइक जब्त
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग स्थित अस्पताल चौक के समीप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 99 बोतल विदेशी शराब एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की। हालांकि शराब तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, झारखंड की ओर से मोटरसाइकिल पर शराब की खेप लेकर आ रहा तस्कर पुलिस को देखकर घबरा गया। इसी दौरान उसकी बाइक पुलिस वाहन से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद वह बाइक और शराब छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी ली, जिसमें करीब 19 लीटर (99 बोतल) विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर जगदीशपुर थाना लाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल चौक पर पुलिस चेक पोस्ट पर एक दरोगा और चार पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद शराब तस्कर वहां तक कैसे पहुंच गया, इसे लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि 99 बोतल विदेशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मोटरसाइकिल के आधार पर फरार तस्कर की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
