ठाकुरगंज (किशनगंज): ठाकुरगंज प्रखंड के चुरली पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-4 स्थित बिरनाबाड़ी गांव में करीब 500 मीटर लंबी सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। बारिश के दौरान सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे करीब 35 परिवारों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।
ग्रामीण मोहम्मद ऐनूल, सागरा खातून सहित अन्य लोगों ने बताया कि यह गांव का मुख्य संपर्क मार्ग है, जिससे होकर सभी लोगों का आना-जाना होता है। बारिश के मौसम में सड़क पर कीचड़ भर जाने से बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मुख्य सड़क तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद गांव की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते। उनका कहना है कि घनी आबादी वाले इस हिस्से में सड़क निर्माण नहीं कराया गया, जबकि खेतों के बीच सड़क बना दी गई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले समय में जनप्रतिनिधियों से इसका जवाब मांगा जाएगा।
इस संबंध में वार्ड सदस्य प्रतिनिधि बाउद्दीन ने बताया कि संबंधित सड़क पहले विवादित थी। विवाद समाप्त होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में इस सड़क के लिए कोई योजना स्वीकृत नहीं हुई। निजी स्तर पर उन्होंने मिट्टी भराई कराई थी तथा पूर्व विधायक और वर्तमान मुखिया को भी लिखित आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
उन्होंने सड़क निर्माण में हो रही देरी के लिए जनप्रतिनिधियों, सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि गरीब बस्तियों की उपेक्षा दुर्भाग्यपूर्ण है और इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए।
