ठाकुरगंज/किशनगंज। उत्तर प्रदेश के बरेली शरीफ़ में 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले उर्स-ए-रज़वी में सीमांचल सहित देशभर से लाखों अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर मुखिया प्रत्याशी, ग्राम पंचायत दल्लेगांव मोहम्मद जहुर आलम रज़वी ने किशनगंज एवं सीमांचल के तमाम जायरीन से सफ़र के दौरान विशेष एहतियात बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बरेली शरीफ़ से भी जायरीन को समूह में सफ़र करने, बिना टिकट यात्रा से बचने तथा अत्यधिक भीड़भाड़ वाले जनरल डिब्बों में यात्रा न करने की सलाह दी गई है। यदि टिकट की व्यवस्था संभव न हो, तो घर पर ही फ़ातिहा और इबादत का एहतिमाम करना बेहतर होगा।
उन्होंने कुछ महीने पहले सफ़र के दौरान हुई मौलाना तौसीफ़ रज़ा साहब की दुखद घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे हादसे सभी के लिए सबक हैं। इसलिए हर जायरीन अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।
उन्होंने यह भी अपील की कि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की बदसलूकी, संदिग्ध गतिविधि या अन्य परेशानी होने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139, आरपीएफ या संबंधित रेलवे अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और जिम्मेदार यात्रा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
