30 साल पुराना पुल बारिश में हुआ जर्जर, 50 हजार की आबादी का संपर्क संकट में
ठाकुरगंज, प्रतिनिधि। शनिवार देर रात हुई लगातार भारी बारिश के बाद बुरी डांगी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी में बहकर आए डाल-कचरे के पुल के नीचे जमा होने से पानी का दबाव बढ़ गया, जिससे मानिकपुर-सखुआडाली सड़क पर स्थित लगभग 30 वर्ष पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के दो पायों को नुकसान पहुंचने से क्षेत्र में आवागमन को लेकर चिंता गहरा गई है।
पुल की स्थिति गंभीर होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने एहतियातन दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इस मार्ग से जुड़े कई गांवों के करीब 50 हजार लोगों का संपर्क प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी फैलते ही पुल को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों में पुल की सुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दी। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी मशीन की सहायता से पुल के नीचे और किनारों पर जमा डाल-कचरे को हटाया गया, ताकि पानी का बहाव सामान्य हो सके।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पुल पर उसकी क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों का नियमित संचालन होता है, जिससे इसकी संरचना पहले से ही कमजोर हो चुकी थी। उनका कहना है कि भारी वाहनों के दबाव और बारिश के कारण पुल की स्थिति और खराब हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की तत्काल तकनीकी जांच कर सुरक्षित मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह पुल क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके क्षतिग्रस्त होने से लोगों की दैनिक गतिविधियां, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और व्यापार प्रभावित हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पुल की मजबूती और मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने तथा पुल के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है।
