पुरैनी हरिजन टोला में युवक पर चाकू से हमला, गला काटने का प्रयास
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
जगदीशपुर, संवाददाता अमित कुमार। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी हरिजन टोला में रविवार की सुबह करीब आठ बजे आपसी विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना में मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना 112 नंबर पर दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जगदीशपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
घायल की पत्नी गीता देवी ने बताया कि घटना से एक दिन पहले घर के समीप लगे ठेले पर बच्चों के बैठने को लेकर मनीष कुमार का नीरो हरिजन से विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान नीरो हरिजन ने गाली-गलौज की थी। रविवार की सुबह मनीष कुमार बलुआचक चौक से अखबार लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बलुआचक हाट के समीप दोनों के बीच दोबारा विवाद हो गया।
गीता देवी के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों के बीच झड़प हुई, जिसमें मनीष की अंगुली में दांत से काट लिया गया। इसके बाद मनीष घर पहुंच गए। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी भी वहां पहुंचा और चाकू से मनीष पर हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावर ने मनीष का गला काटने का भी प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान मनीष के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मनीष को हमलावर से बचाया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों का कहना है कि यदि आसपास के लोग समय पर मौके पर नहीं पहुंचते तो घटना और गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी ली। जगदीशपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
