जिला पदाधिकारी, कटिहार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
आज दिनांक 11.08.2026 को श्री आशुतोष द्विवेदी, जिला पदाधिकारी जिसमें माननीय सांसद के प्रतिनिधि निरंजन पोद्दार, श्री तारकिशोर प्रसाद, माननीय विधायक, कटिहार-सह-पूर्व उप मुख्यमंत्री, बिहार, जिले के सभी थोक उर्वरक विक्रेता एवं उर्वरक कम्पनियों के क्षेत्रीय प्रबन्धक उपस्थित रहे।
जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार द्वारा शारदीय (खरीफ) मौसम में विभिन्न फसलों के हो रहे आच्छादन तथा जिले में उपलब्ध उर्वरक की मात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों को समय पर आवश्यक मात्रा तथा सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं एवं खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को निदेश दिया गया।
माननीय पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद द्वारा सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं तथा उर्वरक कम्पनियों के क्षेत्रीय प्रबन्धकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से अधिक दर पर किसी भी परिस्थिति में उर्वरक की बिक्री नहीं की जाएगी। साथ ही किसानों के इच्छा के विरूद्ध अन्य उत्पादों की टैगिंग नहीं की जायेगी। माननीय द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 एवं प्रचलित नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई करते हुए संबंधित विक्रेता के उर्वरक प्राधिकार पत्र के निलंबन अथवा रद्दीकरण की कार्रवाई करने हेतु निदेश दिया गया।
जिला पदाधिकारी, कटिहार द्वारा सभी उर्वरक कंपनियों एवं थोक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि उर्वरकों के साथ किसी भी प्रकार के सूक्ष्म पोषक तत्व, कीटनाशी, जैव उत्पाद अथवा अन्य कृषि सामग्री की अनिवार्य टैगिंग (Tagging) नहीं की जाएगी। किसानों को किसी भी अतिरिक्त उत्पाद की खरीद के लिए बाध्य करना पूर्णतः नियम विरुद्ध है। ऐसी शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित कंपनी एवं विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रस्तुतीकरण के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया जिले में वर्तमान समय में किसी उर्वरक की कोई कमी नहीं है तथा उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है। किसानों को अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है। जिले में उपलब्ध उर्वरकों का वर्तमान स्टॉक निम्न प्रकार है :-
यूरिया : 11049.986 मीट्रिक टन, डीएपी (DAP): 4494.90 मीट्रिक टन, एम.ओ.पी. (MOP)
: 2654.455 मीट्रिक टन, एन.पी.के. (NPK): 9484.83 मीट्रिक टन, एस.एस.पी. (SSP):
1921.40 मीट्रिक टन
प्रस्तुतीकरण के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार द्वारा बताया गया कि शारदीय (खरीफ) मौसम में अब तक कुल 487 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है जिसमें अनियमितता पाये जाने के कारण 01 उर्वरक प्रतिष्ठान के विरूद्ध प्राथमिकी, 08 उर्वरक प्राधिकार पत्रों को रद्द, 07 उर्वरक प्राधिकार पत्र को निलंबित तथा 06 उर्वरक प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों की आपूर्ति लगातार की जा रही है तथा किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। इस क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार द्वारा बताया गया कि जिलान्तर्गत सभी उर्वरक प्रतिष्ठानों पर किसानों को उर्वरक की सुगमतापूर्वक उपलब्धता हो, सही दर पर उर्वरक उपलब्ध हो, इस निमित प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला पदाधिकारी, कटिहार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कंपनियों एवं उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उर्वरकों का पारदर्शी, सुचारु एवं नियमसम्मत वितरण सुनिश्चित करें तथा सरकार के सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें।
