ज़की हमदम किशनगंज
किशनगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करने तथा फुटकर दुकानदारों और स्थानीय उत्पादकों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से VB-G RAM G योजना के अंतर्गत किशनगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रामीण हाट निर्माण कार्य का समारोहपूर्वक शुभारंभ किया गया।
इसी क्रम में पोठिया प्रखंड के छतरगाछ, ठाकुरगंज प्रखंड के बेसरबाटी तथा बहादुरगंज प्रखंड के बनगामा स्थित लोहागाड़ा हाट में ग्रामीण हाट निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया गया। संबंधित स्थलों पर जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई।
ग्रामीण हाट के निर्माण से किसानों, फुटकर दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के क्रय-विक्रय के लिए व्यवस्थित एवं स्थायी बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
निर्माण कार्य के शुभारंभ को लेकर स्थानीय दुकानदारों एवं व्यवसायियों में उत्साह देखा गया। दुकानदारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का अनुरोध किया, ताकि उन्हें जल्द स्थायी और व्यवस्थित हाट की सुविधा मिल सके।
ग्रामीण हाट के विकसित होने से स्थानीय बाजार व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, ग्रामीण उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण समुदाय की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर संबंधित ग्राम पंचायतों के मुखिया, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति सहित प्रखंड एवं जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
