भागलपुर में बाढ़ राहत पर मंत्री रत्नेश सदा सख्त, बोले, कोई पीड़ित राहत से वंचित रहा तो तय होगी जवाबदेही
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच राहत और बचाव कार्यों को लेकर आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। भागलपुर पहुंचे मंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर बाढ़ पीड़ित तक समय पर राहत पहुंचाना है। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां लोग कम्युनिटी किचन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं वहां सूखा राशन के पैकेट उपलब्ध कराए जाएं। नाथनगर के पश्चिमी इलाके में नया कम्युनिटी किचन शुरू करने का भी निर्देश दिया गया है।
मंत्री ने 13 प्रभावित पंचायतों से मिले आवेदनों को जिलाधिकारी को सौंपते हुए तत्काल सत्यापन कराकर राहत पहुंचाने को कहा। उन्होंने जीआर राशि को लेकर स्पष्ट निर्देश दिया कि सूची पूरी तरह पारदर्शी हो और कोई वास्तविक बाढ़ पीड़ित छूटना नहीं चाहिए। पात्र लाभुकों के बैंक खातों में सहायता राशि जल्द भेजी जाए साथ ही राहत शिविरों में मेडिकल टीम, सर्पदंश रोधी इंजेक्शन, पर्याप्त पशुचारा और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने साफ कहा कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या लालफीताशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
