डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840
UFBU के आह्वान पर भागलपुर में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन
11 सितम्बर 2026 को आयोजित अखिल भारतीय बैंक हड़ताल को मिला व्यापक समर्थन
भागलपुर, 11 सितम्बर 2026:
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर आज पंजाब नैशनल बैंक, मंडल कार्यालय भागलपुर के समक्ष बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर अखिल भारतीय बैंक हड़ताल को सफल बनाया। इस अवसर पर बैंकिंग क्षेत्र एवं बैंक कर्मियों की लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया तथा सरकार की बैंकिंग नीतियों के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय पंजाब नैशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIPNBOA), भागलपुर मंडल के मंडल सचिव कॉम. सुनील कुमार शर्मा, प्रेसिडेंट कॉम. सुमित आनंद एवं कोषाध्यक्ष कॉम. राज कुमार ने बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हितों की रक्षा, पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता तथा बेहतर कार्य वातावरण अत्यंत आवश्यक है।
कर्मचारी यूनियन के नेता कॉम. ए.पी. सिंह ने भी सभा को संबोधित करते हुए बैंक कर्मचारियों की समस्याओं एवं सरकार की नीतियों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र पर लगातार बढ़ते कार्यभार का प्रतिकूल प्रभाव कर्मचारियों तथा ग्राहक सेवा दोनों पर पड़ रहा है। इसके लिए पर्याप्त मानव संसाधन एवं व्यवहारिक कार्य व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
प्रमुख मांगें
UFBU के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन के दौरान निम्न प्रमुख मांगों को उठाया गया—
5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था का पूर्ण कार्यान्वयन।
बैंकों में पर्याप्त स्टाफ की भर्ती एवं रिक्त पदों को शीघ्र भरना।
बढ़ते कार्यभार पर रोक लगाना तथा कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव कम करना।
बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हितों एवं अधिकारों की सुरक्षा।
ग्राहक सेवा में सुधार के लिए अनुकूल एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना।
अन्य लंबित मांगों का शीघ्र समाधान।
वक्ताओं ने कहा कि “मजबूत कर्मचारी ही मजबूत बैंकिंग व्यवस्था की आधारशिला हैं।” बैंक कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान, गरिमा और बेहतर कार्य परिस्थितियों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पंजाब नैशनल बैंक भागलपुर मंडल के अंतर्गत आने वाली विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर हड़ताल को सफल बनाया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एक स्वर में अपने अधिकारों एवं मांगों के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और संगठन की एकता का प्रदर्शन किया।
अंत में नेताओं ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हड़ताल को सफल बनाने तथा संगठन के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि अपने अधिकारों तथा बैंकिंग व्यवस्था के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
“आओ साथ चलें — अपने हक के लिए — एक मजबूत PNB के लिए।”
जारीकर्ता:
राज कुमार ,कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी भागलपुर
AIPNBOA एवं बैंक कर्मचारी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में
